ढाका , जून 05 -- बंगलादेश के सावर में खेले जा रहे ढाका प्रीमियर डिवीजन क्रिकेट लीग (डीपीएल) मैच में ब्रदर्स यूनियन की टीम अधिकारियों द्वारा बकाया राशि का भुगतान करने से इनकार करने पर अग्रानी बैंक के खिलाफ मैदान पर नहीं उतरी।
ऑफ-स्पिनर सोहाग गाजी के अनुसार, क्लब के अधिकारियों द्वारा बकाया राशि का भुगतान करने से इनकार करने के बाद ब्रदर्स यूनियन के खिलाड़ियों ने यह बड़ा कदम उठाया। मैच रेफरी इनायत चौधरी के मैदान पर मौजूद होने के बावजूद ब्रदर्स यूनियन के कप्तान जाहिदुज्जमान टॉस के लिए नहीं आए, जिसके बाद अंपायर मोनिरुज्जमान और शफीन शरीफ ने मैच को बेनतीजा बताया।
डीपीएल के नियमों की धारा 16.15.2 के अनुसार, जो टीम मैच में वॉकओवर करती है, उसे प्रतियोगिता से 'रेलिगेटेड टीम' (निचले डिवीजन में भेजी जाने वाली टीम) माना जाएगा। टीम को बीसीबी से मिली आर्थिक सहायता भी लौटानी होगी और साथ ही 20,000 बंगलादेशी मुद्रा का जुर्माना भी भरना होगा। नियमों के अनुसार, इसके अन्य नतीजों में खिलाड़ियों के रन और विकेट को टूर्नामेंट के आंकड़ों से हटा दिया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित