मथुरा , अक्टूबर 22 -- ब्रज की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, लोक परंपराओं और भक्ति की छटा को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से मथुरा में 23 अक्टूबर से 'ब्रज रज उत्सव 2026' का आयोजन किया जाएगा।
'संस्कृति, भक्ति, कला और ब्रज की पहचान' थीम पर आधारित यह उत्सव दो नवंबर तक धौली प्याऊ स्थित रेलवे ग्राउंड में चलेगा। इसका औपचारिक उद्घाटन 24 अक्टूबर को प्रदेश के कैबिनेट मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी और सांसद हेमा मालिनी करेंगी। उत्सव के तहत वृंदावन स्थित स्वामी हरिदास जी प्रेक्षागृह में 23 से 28 अक्टूबर तक सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला आयोजित होगी। नृत्य नाटिका, नाटक और रासलीला के माध्यम से दर्शकों को ब्रज की सांस्कृतिक परंपराओं से रूबरू होने का अवसर मिलेगा।
वृंदावन के स्वामी हरिदास जी प्रेक्षागृह में 23 अक्टूबर को सांसद हेमा मालिनी की 'नृत्य नाटिका गंगा' की प्रस्तुति के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आगाज होगा। 25 अक्टूबर को सौरभ राज जैन 'मेरे कृष्ण' नाटक प्रस्तुत करेंगे। 26 अक्टूबर को गीता शोध संस्थान और रासलीला अकादमी, वृंदावन की ओर से रासलीला का आयोजन होगा। 27 अक्टूबर को शिवानी मिश्रा 'कलर्स ऑफ यूपी' की प्रस्तुति देंगी।
धौली प्याऊ स्थित रेलवे ग्राउंड में 23 अक्टूबर को मधुरम डिवोशनल बैंड की प्रस्तुति के साथ संगीत कार्यक्रमों की शुरुआत होगी। इसके बाद 24 अक्टूबर को ईशान मिश्रा सूफी गायन, 25 अक्टूबर को रसिक वैष्णव ब्रजरस भजन कॉन्सर्ट और 26 अक्टूबर को रूट्स नादात्म बैंड अपनी प्रस्तुति देगा।
आगामी कार्यक्रमों में गजेंद्र प्रताप सिंह, इशिता विश्वकर्मा, लखबीर सिंह लक्खा और अतुल पंडित भी प्रस्तुति देंगे। 31 अक्टूबर को पद्मश्री रामदयाल नौटंकी पेश करेंगे। एक नवंबर को अभय विश्वकर्मा का म्यूजिकल बैंड और दो नवंबर को बैकस्टेज सिवलिंग की प्रस्तुति होगी। उत्सव में राष्ट्रीय स्तर पर पहचान रखने वाले कलाकारों के साथ ब्रज के स्थानीय लोक कलाकारों और स्कूली छात्र-छात्राओं को भी अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा। इससे क्षेत्र की लोक संस्कृति और पारंपरिक कलाओं को व्यापक पहचान दिलाने का प्रयास किया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित