पंचकूला , जुलाई 30 -- हरियाणा पुलिस ने नूंह जिले में तीन अगस्त को प्रस्तावित ब्रज मंडल जलाभिषेक यात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था लागू कर दी है। यात्रा मार्ग, संवेदनशील क्षेत्रों और प्रमुख चौराहों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है, जबकि ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से जमीन से लेकर आसमान तक लगातार निगरानी रखी जाएगी।

हरियाणा पुलिस के प्रवक्ता ने गुरुवार को बताया कि पुलिस अधीक्षक नूंह के नेतृत्व में सुरक्षा व्यवस्था की लगातार समीक्षा की जा रही है। यात्रा मार्ग पर विशेष निगरानी के साथ-साथ आधुनिक तकनीक का उपयोग कर हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है ताकि किसी भी अप्रिय घटना को समय रहते रोका जा सके।

प्रवक्ता के अनुसार, नूंह पुलिस ने आज ड्रोन के माध्यम से शहर के प्रमुख चौराहों और संवेदनशील स्थानों की मैपिंग की। इस दौरान पलवल टी-पॉइंट, अड़बर चौक, जोगीपुर रोड, तिरंगा पार्क, खेड़ला मोड़, नल्हड़ मेडिकल कॉलेज मोड़ और नल्हरेश्वर मंदिर परिसर सहित अन्य महत्वपूर्ण स्थानों का हवाई निरीक्षण किया गया। इस कवायद का उद्देश्य सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करना तथा किसी भी संभावित चुनौती से प्रभावी ढंग से निपटने की तैयारी करना है।

हरियाणा पुलिस के प्रवक्ता ने कहा कि ड्रोन निगरानी के माध्यम से असामाजिक और शरारती तत्वों को स्पष्ट संदेश दिया गया है कि कानून व्यवस्था और सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

हरियाणा पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें, सोशल मीडिया पर भ्रामक या आपत्तिजनक सामग्री साझा करने से बचें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित