भरतपुर , मई 20 -- राजस्थान में डीग जिले के कामां क्षेत्र में बुधवार को अचानक आग लगने से परिक्रमार्थी श्रद्धालुओं में हड़कंप मच गया। पुलिस सूत्रों ने बताया कि ब्रज चौरासी कोस परिक्रमा मार्ग पर नौनेरा गांव के पास परिक्रमा मार्ग के पास बनी एक अस्थाई दुकान में चाय बनाते समय अचानक गैस सिलेंडर की नली लीक होने से निकली चिंगारी ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। आग की लपटें उठती देख परिक्रमा मार्ग पर चल रहे श्रद्धालुओं और स्थानीय दुकानदारों में अफरा-तफरी मच गई।
आग भड़कते ही सभी लोग तुरंत सतर्क हो गए और भागकर सुरक्षित स्थानों पर पहुंच गए, जिससे समय रहते एक बड़ा हादसा टल गया और इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
सू्त्रों ने बताया कि इस आग से कई अस्थाई दुकानें और उनमें रखा कीमती सामान जलकर पूरी तरह खाक हो गया है। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण और प्रशासनिक अमला तुरंत मौके पर पहुंचा, जिसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से आग पर काबू पाने के प्रयास शुरू किए गए। घटना के बाद कुछ समय के लिए परिक्रमा मार्ग पर व्यवस्थाएं प्रभावित रहीं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित