भरतपुर , मई 17 -- राजस्थान के भरतपुर में धार्मिक मान्यताओं के मद्देनजर रविवार से शुरू हुए अधिक मास (पुरुषोत्तम मास/मलमास) के साथ ही बृज की पावन धरा पर श्रद्धा भक्ति एवं हर्षोल्लास के साथ ब्रज चौरासी कोस की 252 किलोमीटर की परिक्रमा प्रारंभ हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 15 जून तक चलने वाली इस परिक्रमा के दौरान राजस्थान में डीग जिले के 67 किलोमीटर (24 कोस) के परिक्रमा मार्ग में श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा सुनिश्चित करने के लिए डीग जिला पुलिस प्रशासन ने राजस्थान सीमा में आने वाले परिक्रमा मार्ग पर व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की है।
सू्त्रों ने बताया कि परिक्रमा मार्ग पर लगातार पुलिस गश्त, कालिका यूनिट और अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। डीग जिला पुलिस प्रशासन ने श्रद्धालुओं से आग्रह किया है कि किसी भी प्रकार के भय, परेशानी, संदिग्ध गतिविधि या असुविधा होने पर तुरंत नजदीकी पुलिस सहायता केंद्र या हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क करें।
श्रद्धालुओं को भीड़भाड़ वाले स्थानों पर अपने सामान और बच्चों का विशेष ध्यान रखने की सलाह देते पुलिस ने अफवाहों पर ध्यान न देने और सोशल मीडिया पर भ्रामक जानकारी साझा करने से बचने को भी कहा है। परिक्रमा मार्ग में विभिन्न समाजसेवी संस्थाएँ और संगठन भी श्रद्धालुओं की सेवा में सहयोग कर रहे हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित