बागपत , अगस्त 13 -- प्रांतीय चिकित्सा सेवा संघ (पीएमएस), उत्तर प्रदेश के पदाधिकारियों ने उपमुख्यमंत्री एवं चिकित्सा स्वास्थ्य मंत्री बृजेश पाठक से उनके आवास पर शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक प्रभावी एवं बेहतर बनाने को लेकर महत्वपूर्ण चर्चा हुई।
संघ के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. यशवीर सिंह और महासचिव डॉ. शरद वैश्य ने उपमुख्यमंत्री से चिकित्सकों और स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े विभिन्न विषयों पर विचार-विमर्श किया। उन्होंने संघ की ओर से आगामी 12 सितंबर को आयोजित होने वाली कार्यकारिणी बैठक में बृजेश पाठक को मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने का निमंत्रण दिया।
उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने संघ के आमंत्रण को आत्मीयता के साथ स्वीकार किया। उन्होंने कार्यकारिणी बैठक में अपनी गरिमामयी उपस्थिति प्रदान करने का आश्वासन दिया। संघ पदाधिकारियों की इस मुलाकात को प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत करने और चिकित्सकों से जुड़े विषयों पर संवाद बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित