अजमेर , अक्टूबर 30 -- राजस्थान में अजमेर संभाग के ब्यावर जिला मुख्यालय पर सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती के अवसर पर राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता का संदेश जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से 31 अक्टूबर को ब्यावर जिला मुख्यालय पर 'रन फॉर यूनिटी' कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।
इसमें 1500 युवाओं की सहभागिता रहेगी।
प्रशासनिक सूत्रों ने शुक्रवार को बताया कि दौड़ का शुभारंभ सुबह सात बजे जिला कलक्टर कार्यालय से होगा। 'एकता दौड़' जिला कलक्टर कार्यालय से प्रारंभ होकर अजमेरी गेट, पांच बत्ती, चांग गेट एवं गांधी सर्किल होते हुए राजकीय पटेल उच्च माध्यमिक विद्यालय, ब्यावर पहुंचेगी। यहां कार्यक्रम का समापन होगा। समापन कार्यक्रम में प्रतिभागियों को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई जाएगी। रन फार यूनिटी में विभिन्न विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के विद्यार्थियों, राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी), राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस), भारत स्काउट-गाइड के स्वयं सेवकों, खिलाड़ियों एवं युवाओं की भागीदारी रहेगी।
ब्यावर जिला प्रशासन ने आयोजन की तैयारियां पूर्ण कर ली है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित