भरतपुर , मई 08 -- राजस्थान में ब्यावर ग्रीन फील्ड एक्सप्रेस-वे परियोजना का भरतपुर के बयाना क्षेत्र में बड़ी संख्या में किसानों ने विरोध किया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार शुक्रवार को ब्रह्मबाद स्थित राजीव गांधी सेवा केंद्र पर आयोजित जनसुनवाई में करीब 10 गांवों के प्रभावित ग्रामीणों ने एकजुट होकर परियोजना का पुरजोर विरोध किया। भूमि अवाप्ति अधिकारी एवं बयाना उप खण्डाधिकारी की अध्यक्षता में हुई जनसुनवाई बैठक में किसानों ने स्पष्ट कहा कि वे किसी भी कीमत पर अपनी उपजाऊ कृषि भूमि एक्सप्रेस-वे के लिए नहीं देंगे।

गुर्जर आरक्षण संघर्ष समिति के प्रतिनिधियों और पूर्व सरपंचों सहित मौजूद ग्रामीणों ने प्रशासन को दो टूक कहा कि उन्हें मुआवजे या किसी सुझाव में कोई दिलचस्पी नहीं है, उनकी केवल एक ही मांग है कि इस परियोजना को पूरी तरह निरस्त किया जाए। ग्रामीणों का आरोप है कि सरकार विकास के नाम पर किसानों को भूमिहीन करके सड़क पर लाना चाहती है।

उधर विरोध के चलते जनसुनवाई बिना किसी सहमति के समाप्त हो गई और किसानों ने इस संबंध में उपखंड अधिकारी को ज्ञापन भी सौंपा। इस विरोध के चलते इस महत्वाकांक्षी सड़क परियोजना के क्रियान्वयन पर संकट के बादल मंडराने लगे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित