वाराणसी , नवंबर 29 -- उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने शनिवार को कहा कि समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव की बौखलाहट दर्शाती है कि सैफई खानदान की राजनीति का अंत शुरु हो चुका है।

श्री मौर्य ने कहा " बिहार विधानसभा चुनाव के नतीजों के बाद अखिलेश यादव तनाव और बौखलाहट में हैं। बिहार में जाकर वे कह रहे थे कि अवध में भाजपा को हराया है, मगध में भी हराएंगे। मगध में कमल खिलाकर हम सरकार बना चुके हैं। समाजवादी पार्टी अब डूबता जहाज है। अखिलेश यादव बौखला गए हैं। सैफई खानदान की राजनीति का अंत शुरू हो चुका है। अखिलेश को काशी आकर बाबा विश्वनाथ के दर्शन करने चाहिए। "उपमुख्यमंत्री ने कहा कि 2024 के लोकसभा चुनाव में उनके गुब्बारे में महज संयोग से हवा भर गई थी और कुछ सीटें जीत गए, लेकिन पश्चिम बंगाल के बाद उत्तर प्रदेश की जनता अब उनकी खबर लेगी।

विकसित भारत और विकसित उत्तर प्रदेश के मॉडल की चर्चा करते हुए श्री मौर्य ने कहा कि काशी इसका जीवंत उदाहरण है। विकास दर आठ प्रतिशत से ऊपर पहुंच गई है, जो देश के लिए शुभ संकेत है। 140 करोड़ देशवासियों का प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर अटूट विश्वास है।

उन्होंने कहा कि 2024 लोकसभा चुनाव के बाद भाजपा ने हरियाणा, महाराष्ट्र, दिल्ली और अब बिहार में ऐतिहासिक जीत दर्ज की है। अब अगला लक्ष्य पश्चिम बंगाल है, जहां सुशासन लाकर ममता बनर्जी का जंगलराज खत्म करना है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित