बेतिया , सितंबर 29 -- बिहार के पश्चिमी चम्पारण जिले के मझौलिया थाना क्षेत्र में पुलिस ने मंगलवार को एक बोलेरो से 67 किलो 930 ग्राम गांजा बरामद कर चालक को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि सूचना के आधार पर बखरिया-करमवा सड़क पर लालसरैया दलित बस्ती के समीप संदिग्ध बोलेरो को रोककर तलाशी ली गयी। तलाशी के दौरान वाहन में छिपाकर रखे चार पैकेटों से गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने गांजा लदे बोलेरो को भी जब्त कर लिया। बरामद गांजा की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 26 लाख रुपये आंकी गयी है।
थानाध्यक्ष अमर कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपित की पहचान शिकारपुर थाना क्षेत्र के पंचमेवा निवासी नबी हसन के पुत्र मुहम्मद करीमुल्ला के रूप में हुई है।
उन्होंने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आरोपित को मेडिकल जांच के बाद न्यायिक हिरासत में भेजने के लिए बेतिया न्यायालय में प्रस्तुत किया गया। पुलिस गांजा की खेप के स्रोत और संभावित खरीदारों का पता लगाने में जुटी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित