ला पास , सितंबर 05 -- बोलीविया के वियाचा शहर स्थित एक सैन्य अड्डे पर शुक्रवार को हुए दो भीषण विस्फोटों में कम से कम 10 लोगों की मौत हो गयी और 62 अन्य घायल हो गये।
बोलीविया के रक्षा मंत्रालय के अनुसार, यह हादसा प्रशासनिक राजधानी ला पास से लगभग 30 किलोमीटर दूर सैन्य अड्डे के उस हिस्से में हुआ, जहां आतिशबाजी का सामान रखा गया था।
वियाचा की स्वास्थ्य निदेशक रीता नेब्रास्का ने बताया कि मृतकों की संख्या 10 से 15 के बीच होने की आशंका है और इसमें 62 लोग घायल हुए हैं। घायलों में से 14 लोगों को ला पास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जिनमें गंभीर रूप से झुलसी एक बच्ची भी शामिल है।
रक्षा उपमंत्री अर्नेस्टो जुस्टिनियानो उरेंडा के अनुसार, विभिन्न चिकित्सा केंद्रों में विस्फोटों में घायल लगभग 50 नागरिकों और छह सैन्यकर्मियों का इलाज कर उन्हें घर भेज दिया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित