मुरैना , फरवरी 04 -- मध्यप्रदेश के मुरैना कलेक्टर लोकेश कुमार जांगिड़ ने कहा है कि हाईस्कूल एवं हायर सेकेण्ड्री बोर्ड परीक्षाओं का आयोजन चुनाव की तर्ज पर पूर्णतः स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से किया जाए। उन्होंने मंडल द्वारा जारी सभी निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
कलेक्टर श्री जांगिड़ बुधवार को शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-1, मुरैना में आयोजित केंद्राध्यक्षों एवं सहायक केंद्राध्यक्षों की बैठक को संबोधित कर रहे थे। आधिकारिक जानकारी के अनुसार माध्यमिक शिक्षा मंडल, मध्यप्रदेश, भोपाल द्वारा बोर्ड परीक्षाएं 10 फरवरी से 7 मार्च 2026 तक आयोजित की जाएंगी। इसके लिए मुरैना जिले में कुल 76 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।
बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी बी.एस. इंदौलिया, डीपीसी हरीश तिवारी, समस्त बीईओ, सभी परीक्षा केंद्रों के केंद्राध्यक्ष एवं सहायक केंद्राध्यक्ष उपस्थित रहे। कलेक्टर ने बताया कि प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर केंद्राध्यक्ष एवं सहायक केंद्राध्यक्ष के अतिरिक्त एक अधिकारी को कलेक्टर प्रतिनिधि के रूप में तैनात किया जाएगा। प्रश्नपत्र मंडल के निर्देशानुसार निर्धारित समय पर ही थाने से निकाले जाएंगे। यदि किसी कारणवश कलेक्टर प्रतिनिधि थाने तक नहीं पहुंच पाते हैं, तो इसकी सूचना तत्काल सीईओ जिला पंचायत अथवा कलेक्टर को दी जाएगी।
उन्होंने स्पष्ट किया कि परीक्षा के दौरान कलेक्टर प्रतिनिधि के अतिरिक्त किसी भी अधिकारी या कर्मचारी के पास मोबाइल फोन नहीं होना चाहिए। फर्जी परीक्षार्थियों की रोकथाम के लिए प्रवेश पत्रों की सघन जांच करने के निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि क्यूआर कोड स्कैन किया जाए तथा प्रवेश पत्र की फोटो का परीक्षार्थी से मिलान किया जाए। आवश्यकता पड़ने पर परीक्षार्थी से माता-पिता का नाम अथवा अन्य व्यक्तिगत जानकारी पूछकर भी सत्यापन किया जा सकता है।
कलेक्टर ने प्रश्नपत्र सेट की व्यवस्था सही ढंग से सुनिश्चित करने, जहां संभव हो वहां पर्याप्त फर्नीचर उपलब्ध कराने तथा परीक्षा केंद्र की 100 मीटर की परिधि में किसी भी बाहरी व्यक्ति के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाने के निर्देश दिए। संवेदनशील परीक्षा केंद्रों पर बेरिकेडिंग कराई जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि जिस विद्यालय में परीक्षा संचालित हो रही है, वहां उसी विद्यालय के शिक्षकों की ड्यूटी न लगाई जाए तथा यथासंभव प्राइमरी एवं मिडिल स्कूल के शिक्षकों को परीक्षा कार्य में लगाया जाए।
उन्होंने निर्देश दिए कि प्रश्नपत्रों के लिफाफे प्रातः 8.50 बजे से पूर्व न खोले जाएं तथा उत्तर पुस्तिकाएं परीक्षार्थियों को ठीक 8.55 बजे ही वितरित की जाएं। प्रश्नपत्र खुलने से लेकर उत्तर पुस्तिकाओं की पैकिंग तक की सम्पूर्ण जिम्मेदारी केंद्राध्यक्ष एवं सहायक केंद्राध्यक्ष की होगी। कोरी उत्तर पुस्तिकाओं के लिए बनाए गए स्ट्रांग रूम पर सुरक्षाकर्मी तैनात रहेंगे। संवेदनशील एवं अति संवेदनशील परीक्षा केंद्रों पर अतिरिक्त पुलिस बल की व्यवस्था की जाएगी।
कलेक्टर ने निर्देश दिए कि जिला समन्वयक संस्था से थानों तक प्रश्नपत्र पहुंचाने के लिए रूट चार्ट तैयार किए जाएं। साथ ही परीक्षा की गोपनीयता भंग करने वाली किसी भी प्रकार की अफवाह को रोकने के लिए विशेष निगरानी रखी जाए। सोशल मीडिया के माध्यम से किसी भी प्रकार की भ्रामक जानकारी प्रसारित न हो, इसके लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित