बैतूल , अगस्त 13 -- मध्य प्रदेश में बैतूल जिले के मुलताई क्षेत्र में बोरवेल से केबल चोरी की बढ़ती घटनाओं ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। सिंचाई व्यवस्था प्रभावित होने से आक्रोशित किसानों ने बुधवार को तहसीलदार संजय बारिया को ज्ञापन सौंपकर चोरियों पर तत्काल रोक लगाने और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। किसानों ने चेतावनी दी कि जल्द कार्रवाई नहीं होने पर वे हाईवे जाम कर उग्र आंदोलन करेंगे।
किसानों का आरोप है कि अज्ञात चोर रात के समय खेतों में लगे बोरवेल को निशाना बना रहे हैं। चोर बोरवेल की मोटर की केबल काटकर ले जाने के साथ पाइप और अन्य उपकरण भी बोरवेल में डालकर उसे खराब कर रहे हैं। इससे किसानों को केबल और उपकरणों के नुकसान के साथ बोरवेल की मरम्मत पर भी अतिरिक्त खर्च उठाना पड़ रहा है। कई किसानों के खेतों में सिंचाई व्यवस्था ठप होने से फसलों पर भी संकट पैदा हो गया है।
किसानों ने तहसीलदार को चोरी से संबंधित तस्वीरें दिखाते हुए बताया कि क्षेत्र में ऐसी घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। उनका कहना है कि पूर्व में भी पुलिस और प्रशासन से शिकायत की गई थी, लेकिन प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से चोरों के हौसले बढ़े हुए हैं।
ज्ञापन में लिवरवर, गंगापुर, उनी, चाह, चिंधी, महगौता और अमरावती सहित आसपास के करीब दर्जनभर गांवों के किसानों ने समस्याएं रखीं। किसानों ने पुलिस प्रशासन से खेतों और ग्रामीण इलाकों में रात्रि गश्त बढ़ाने, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने तथा चोरी की घटनाओं में शामिल आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की।
किसानों ने कहा कि खेती के लिए बोरवेल ही प्रमुख सिंचाई साधन हैं। ऐसे में केबल चोरी होने से मोटर बंद हो जाती है और समय पर पानी नहीं मिलने से फसल प्रभावित होती है। उन्होंने चोरी से हुए आर्थिक नुकसान की भरपाई की मांग भी प्रशासन के समक्ष रखी।
ज्ञापन सौंपने के दौरान लक्ष्मण, सतीश, सुधाकर, रघुनाथ, चिनोद साईं और विजय देशमुख सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे। किसानों ने प्रशासन से मामले में त्वरित कार्रवाई कर उन्हें राहत देने की मांग की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित