बैतूल , अगस्त 16 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले के मुलताई क्षेत्र में बोरवेल की केबल चोरी की घटनाओं से किसान परेशान हैं। दुनावा इलाके के ग्राम चिकली कला और कपासिया में शुक्रवार रात चोरों ने आधा दर्जन से अधिक किसानों के खेतों में लगे बोरवेल की मोटर से जुड़ी महंगी केबल काटकर चोरी कर ली। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से नाराज किसानों ने शनिवार को नारेबाजी करते हुए विरोध प्रदर्शन किया और पुलिस से चोरों के खिलाफ जल्द कार्रवाई की मांग की।

पीड़ित किसान उत्तम कौशिक और रवि कौशिक ने बताया कि चोर रात के समय खेतों में पहुंचकर बोरवेल की मोटर से जुड़ी केबल काटकर ले जाते हैं। चोरी के कारण किसानों को हजारों रुपये का आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। वहीं, केबल चोरी होने से खेतों में लगी फसलों की सिंचाई भी प्रभावित हो रही है।

किसानों का कहना है कि खेत गांव से दूर होने के कारण रात में वहां निगरानी नहीं हो पाती। इसी का फायदा उठाकर चोर लगातार वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। किसानों ने रात के समय खेतों और ग्रामीण इलाकों में पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है।

क्षेत्र में केबल चोरी की घटनाएं पहले भी सामने आती रही हैं। पट्टन इलाके में हाल ही में बोरवेल केबल चोरी की घटनाओं से परेशान किसानों ने थाने का घेराव कर अपना आक्रोश जताया था। इसके बावजूद चोरी की घटनाएं नहीं रुकने से किसानों में पुलिस व्यवस्था को लेकर नाराजगी बढ़ रही है। आक्रोशित किसानों ने चेतावनी दी है कि यदि पुलिस ने जल्द आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी नहीं की तो वे आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे।

मुलताई थाना प्रभारी विकास पटेल ने बताया कि केबल चोरी के मामलों की जांच की जा रही है। पुलिस टीम संदिग्धों से पूछताछ कर रही है और आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही चोरों को गिरफ्तार कर मामलों का खुलासा किया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित