गयाजी , मई 09 -- भगवान बुद्ध की पावन नगरी बोधगया में धर्म संस्कृति संगम की ओर से आयोजित धर्म, आध्यात्म और सामाजिक समरसता से भरा हुआ चार दिवसीय वार्षिक चीवरदान एवं संघदान कार्यक्रम का भव्य समापन शनिवार को हुआ ।

कार्यक्रम में भाग लेते हुए बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि धर्म संस्कृति संगम केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि हजारों वर्षों पुरानी भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिक विरासत और सामाजिक चेतना का जीवंत प्रतीक है । उन्होंने कहा कि बोधगया की पवित्र धरती सदियों से विश्व को ज्ञान, करुणा और मानवता का संदेश देती रही है तथा इस ऐतिहासिक कार्यक्रम में शामिल होकर उन्हें गौरव की अनुभूति हुई।

इस महीने 6 मई से प्रारंभ हुए इस आयोजन का समापन 9 मई को महाबोधि सोसाइटी ऑफ इंडिया के परिसर में श्रद्धा और उल्लास के वातावरण में संपन्न हुआ ।

इस कार्यक्रम में देश भर से पहुंचे सैकड़ों बौद्ध भिक्षुओं, उपासकों, धर्माचार्यों एवं श्रद्धालुओं ने भाग लिया। इस दौरान पूरे परिसर में मंत्रोच्चार, करुणा, भाईचारे और भारतीय सांस्कृतिक विरासत की झलक दिखाई दी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित