बोकारो , जनवरी 27 -- झारखंड में बोकारो जिले के पिंड्ररा जोड़ा थाना क्षेत्र के काशी झरिया काजूबगान के पास एक भीषण सड़क दुर्घटना में अनियंत्रित ट्रेलर ने तीन टेम्पो, कई बाइक व साइकिल सवारों को चपेट में ले लिया।
हादसे में पश्चिम बंगाल निवासी सुरेश महतो की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि करीब एक दर्जन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस सूत्रों ने आज यहां बताया कि घायलों में तीन लोग अति गंभीर हैं, जिन्हें बोकारो सदर अस्पताल से रेफर कर दिया गया है। जानकारी के अनुसार, चास से पुरुलिया की ओर जा रहे ट्रेलर शराब के नशे में धुत चालक के नियंत्रण से बाहर हो गया। कुर्रा से काशीझरिया तक उसने पहले एक टेम्पो को ठोक दिया, फिर एक-एक कर तीन टेम्पो, बाइक व साइकिल सवारों को रोड पर घसीटते हुए चपेट में ले लिया।
एक बाइक ट्रेलर के नीचे फंस गई, जिससे वाहन रुक गया और चालक सहित ट्रेलर को पकड़ लिया गया।घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों ने पुरुलिया-धनबाद मार्ग को जाम कर दिया। पुलिस मौके पर पहुंचकर जाम खुलवाया और मामले की जांच कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित