बोकारो , मार्च 20 -- झारखंड में बोकारो जिले के आईईएल थाना क्षेत्र में एक बैंक अधिकारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है।
मृतक की पहचान बैंक ऑफ इंडिया के मार्केटिंग ऑफिसर 34 वर्षीय संजीत सौरभ कुजूर के रूप में हुई है। वह मूल रूप से रांची के हटिया क्षेत्र के निवासी बताए जाते हैं और यहां नौकरी के सिलसिले में रह रहे थे।
पुलिस सूत्रों ने आज यहां बताया कि घटना का खुलासा उस समय हुआ जब संजीत की पत्नी ने बैंक के शाखा प्रबंधक रवि कुमार पंडित को फोन कर बताया कि उनके पति काफी देर से फोन रिसीव नहीं कर रहे हैं। उन्होंने उनकी कुशलक्षेम जानने का अनुरोध किया। इसके बाद शाखा प्रबंधक तुरंत उनके आवास पहुंचे।
मौके पर पहुंचने पर देखा गया कि कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। काफी देर तक दरवाजा खटखटाने और आवाज लगाने के बावजूद अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। स्थिति संदिग्ध लगने पर दरवाजे का लॉक तोड़कर अंदर प्रवेश किया गया। अंदर का दृश्य देख सभी लोग स्तब्ध रह गए। संजीत सौरभ कुजूर कमरे में अचेत अवस्था में पड़े थे।
तत्काल उनकी स्थिति की जांच की गई, लेकिन तब तक उनकी सांसें थम चुकी थीं। इसके बाद घटना की सूचना आईईएल थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अन्तपरीक्षण के लिए तेनुघाट अस्पताल भेज दिया है।
प्रारंभिक जांच में मौत के स्पष्ट कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। इस घटना के बाद बैंक कर्मियों और स्थानीय लोगों में शोक की लहर है। सहकर्मियों ने संजीत को मिलनसार और कर्तव्यनिष्ठ अधिकारी बताया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित