बोकारो , अप्रैल 03 -- झारखंड के बोकारो जिले के वन विभाग ने अति उग्रवाद प्रभावित क्षेत्र गोमिया , ललपनिया पेटरवार आदि क्षेत्रों के स्थानीय ग्रामवासियों को सतर्क किया है।

पांच आक्रामक हाथियों का झुंड बोकारो जिला पार कर चुका है और रामगढ़ जिले में तीन लोगों की जान ले ली है। वन अधिकारी संदीप शिंदे ने आज यहां बताया कि यह दर्दनाक घटना आज अहले सुबह हुई, जब एक व्यक्ति जंगल में महुआ चुन रहा था और अन्य दो ईंट भट्ठे के पास खुले में सो रहे थे।

अधिकारी श्री शिंदे ने बताया कि यह झुंड बेहद आक्रामक और तेज रफ्तार वाला है। संभावना है कि यह वापस पेटरवार की ओर मुड़े या बड़की पुन्नू और महुआटांड़ क्षेत्र में लौट आए। पेटरवार क्षेत्र के चरगी, ओरदाना, लेपो, अरजुआ, गागा और मिर्जापुर गांवों तथा बड़की पुन्नू क्षेत्र के कुसुमडीह, कानीडीह, छेछेनिया, दूधमटिया व टिकाहारा गांवों के लिए विशेष हाई अलर्ट जारी किया गया है।

ईंट भट्ठों या खुले में सोने से पूर्णतः परहेज करने की अपील की गई है। कहा गया है कि घरों या भट्ठों के पास महुआ इकट्ठा ना करें, क्योंकि इसकी महक हाथियों को आकर्षित करती है। अपील किया गया है कि सुबह-सुबह महुआ चुनने जंगल न जाएं, खुले में शौच के लिए जंगल के आसपास न जाएं, केवल पक्के मकानों में रहें, बिना साइलेंसर वाले ट्रैक्टरों की तेज आवाज से हाथी भड़क रहे हैं; गांववासी ऐसे असामाजिक तत्वों को रोकें। वन विभाग ने ग्रामवासियों से कड़ाई से इन निर्देशों का पालन करने की अपील की है ताकि कोई हादसा न हो।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित