बोकारो , मार्च 20 -- झारखंड में बोकारो जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों मे दो सड़क दुर्घटनाओं में तीन लोगों की मौत हो गई।
पुलिस सूत्रों ने आज यहां बताया कि गोमिया में ट्रैक्टर चालक की लापरवाही ने दो अलग-अलग सड़क हादसों में तीन लोगों की जान ले ली। दोनों घटनाओं में वही अवैध बालू लदा ट्रैक्टर शामिल था, जिसका चालक मौके से फरार हो गया। घटना के बाद ललपनिया-गोमिया मार्ग जाम हो गया है। पहली घटना गुरुवार रात गोमिया थाना क्षेत्र के तुलबुल खिजुरिया टांड़ के समीप घटी।
तुलबुल गांव निवासी चंद्रकिशोर प्रसाद बाइक से ललपनिया की ओर जा रहे थे। तेज रफ्तार से अवैध बालू लादे ट्रैक्टर से पीछे से टकराने के कारण चंद्रकिशोर की मौके पर ही मौत हो गई। चालक ट्रैक्टर छोड़कर फरार हो गया। गोमिया पुलिस ने शव कब्जे में ले लिया है।
उसी ट्रैक्टर ने पहली घटना के बाद ललपनिया में दूसरा कहर बरपाया। अचानक ब्रेकडाउन होने से ट्रैक्टर रुक गया, तो पीछे से आ रही पल्सर बाइक ट्रॉली से जोरदार टकराई। बाइक पर सवार तुलबुल गांव के दो युवक कृष्ण मुर्मू और उमेश किस्कू की भी मौके पर मौत हो गई। चालक बालू लदी ट्रॉली वहीं छोड़ ट्रैक्टर लेकर भाग निकला।
पीड़ित परिवार ने ललपनिया थाना पुलिस को शव सौंपने से इनकार कर दिया है। बीती रात से दोनों शव सड़क पर पड़े हैं, जिससे ललपनिया-गोमिया पथ पर जाम की स्थिति बनी हुई है। स्थानीय लोगों ने अवैध बालू परिवहन और लापरवाह चालकों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस फरार चालक की तलाश कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित