बोकारो , जनवरी 16 -- झारखंड के बोकारो थर्मल थाना क्षेत्र के रेलवे स्टेशन कॉलोनी निवासी 40 वर्षीय रेडिमेड कपड़ा व्यवसाई अंचू पाल ने बीते रात्रि अपने घर में फांसी लगाकर आत्म हत्या कर ली।
पुलिस सूत्रों ने आज यहां बताया कि उसे बेहोशी की हालत में परिजनों द्वारा डीवीसी बोकारो थर्मल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। अंचू पाल का बोकारो थर्मल रेलवे स्टेशन मार्केट में 'लोकनाथ ड्रेसेस' नामक रेडिमेड कपड़े की दुकान है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, उन्होंने घर के एक कमरे में गमछे के सहारे फांसी लगा ली। घटना के समय वह घर में अकेले थे। उनकी पत्नी आठ वर्षीय पुत्री को लेकर रेलवे स्टेशन के समीप बंगाली टोला स्थित अपने माता-पिता के घर गई हुई थीं।
मृतक के परिजनों से पूछताछ में अभी कोई स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है। बोकारो थर्मल थाना प्रभारी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है और मामले की गहन जांच की जा रही है। स्थानीय व्यवसाई संघ ने शोक व्यक्त करते हुए बाजार बंद रखा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित