बोकारो , मार्च 31 -- झारखंड में बोकारो जिले के चीरा चास थाना क्षेत्र के तेलगाड़िया मोड़ पर मंगलवार दोपहर सनसनीखेज चाकूबाजी की घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी।
अहरगोडा चास निवासी 59 वर्षीय ग्रिल मिस्त्री शिवप्रसाद गोराई पर एक अज्ञात व्यक्ति ने धारदार चाकू से हमला कर दिया।
पुलिस ने आज यहां बताया कि दोपहर शिवप्रसाद मोड़ के पास इडली खा रहे थे। तभी एक व्यक्ति, जो अपना नाम शंभू केवट बता रहा था, वहां आया और उनसे पानी की बोतल मांगी। पानी देते समय मामूली कहासुनी हो गई, जो देखते-देखते झगड़े में बदल गई। गुस्साए आरोपी ने बैग से चाकू निकालकर शिवप्रसाद पर हमला कर दिया। बचाव के दौरान उनके पैर के पास चोट लग गई।
स्थानीय लोगों ने घायल को तत्काल सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई। सूचना मिलते ही चीरा चास पुलिस ने आरोपी शंभू केवट को हिरासत में ले लिया। घायल की पत्नी सावनी देवी ने थाने में आरोपी के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस मामले की की जांच कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित