बोकारो , मार्च 21 -- झारखंड में बोकारो जिले के हरला थाना क्षेत्र के सेक्टर-9 स्थित बीएसएल कूलिंग पौंड में शुक्रवार शाम डूबे सात वर्षीय बच्चे उमर की तलाश दूसरे दिन शनिवार को भी जारी रही, लेकिन खराब मौसम और बारिश के कारण सफलता नहीं मिली।
पुलिस सूत्रों ने आज यहां बताया कि स्थानीय गोताखोरों ने ऑक्सीजन सिलेंडर के साथ घंटों मशक्कत की लेकिन शव बरामद नहीं हो सका। रांची से आने वाली एनडीआरएफ टीम सुबह पहुंचने वाली थी, लेकिन अभी तक नहीं आई है। पिता मुजाहिद अली के साथ कूलिंग पौंड घूमने आए उमर का पैर फिसल गया था, जिससे वह गहरे पानी में डूब गया। आंखों के सामने बेटे को डूबते देख पिता भी पानी में कूद पड़े।
स्थानीय लोगों ने पिता को तो बचा लिया, लेकिन उमर को नहीं निकाला जा सका। अंधेरा होने के कारण शुक्रवार को रेस्क्यू रुक गया था।शनिवार को पेटरवार के खेतको से आए स्थानीय गोताखोरों ने तलाश तेज की।
ऑक्सीजन सिलेंडर लेकर वे पानी में उतरे और कई घंटे खोजबीन की। मौसम खराब होने, बारिश और सिलेंडर का ऑक्सीजन खत्म हो जाने से अभियान बीच में रोकना पड़ा। हरला थाना पुलिस मौके पर मौजूद रही। कल रविवार को तलाश फिर शुरू होगी और एनडीआरएफ टीम के पहुंचने की उम्मीद है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित