बोकारो , अप्रैल 07 -- झारखंड में बोकारो जिले के माराफारी थाना क्षेत्र के राष्ट्रीय राजमार्ग-32 पर ऋतुडीह के पास गिट्टी लदे ट्रक ने स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में स्कूटी सवार मां की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बेटी गंभीर रूप से घायल हो गई। पुलिस सूत्रों ने आज यहां बताया कि सेक्टर-3 सी क्वार्टर नंबर 694 की निवासी रिंकू देवी (मृतक) अपनी बेटी दिव्या कुमारी के साथ बालीडीह स्थित बहन के घर से बोकारो लौट रही थीं। अनियंत्रित ट्रक ने पहले स्कूटी को धक्का मार दिया, फिर पीछे से रिंकू देवी को रौंद दिया। स्थानीय लोगों ने घायल दिव्या को निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
घटना की जानकारी मिलते ही गुस्साए ग्रामीणों ने ऋतुडीह के पास हाईवे जाम कर दिया। माराफारी और सिटी थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और उग्र लोगों को समझा कर जाम हटवाने की कोशिश किया। ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। परिजन अभी घटनास्थल पर नहीं पहुंचे हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित