देहरादून , सितंबर 19 -- उत्तराखंड प्रीमियर लीग के तीसरे सीजन के भव्य उद्घाटन समारोह को लेकर तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। 21 सितंबर को देहरादून के राजीव गांधी इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में आयोजित होने वाली ओपनिंग सेरेमनी में बॉलीवुड अभिनेत्री वाणी कपूर मुख्य आकर्षण होंगी। इसके साथ ही उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक और संगीतमय धरोहर की झलक भी मंच पर देखने को मिलेगी।
21 सितंबर की शाम को होने वाले इस रंगारंग कार्यक्रम में राज्य के विभिन्न क्षेत्रों (गढ़वाल, कुमाऊं और जौनसार) के मशहूर लोक गायक अपनी प्रस्तुति देंगे। गढ़वाल से करिश्मा शाह व रुहान भारद्वाज, कुमाऊं से इंदर आर्य, जौनपुर से मंजू नौटियाल और जौनसार से अज्जू तोमर व अजय चौहान एक मंच पर आकर स्थानीय लोक संगीत का जादू बिखेरेंगे।
उद्घाटन दिवस पर क्रिकेट और मनोरंजन का अनोखा संगम देखने को मिलेगा। 21 सितंबर को सबसे पहले महिला वर्ग के दो मुकाबले खेले जाएंगे। सुबह 11:00 बजे पिथौरागढ़ हरिकेन्स का मुकाबला देहरादून वॉरियर्स से होगा, जिसके बाद दोपहर 3:00 बजे बागेश्वर एरियल और मसूरी क्वींस की टीमें आमने-सामने होंगी। इन दोनों मैचों के समापन के बाद शाम को भव्य ओपनिंग सेरेमनी आयोजित की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित