पटना,29 अक्टूबर (वार्ता) जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव रंजन प्रसाद ने कांग्रेस पर हमला करते हुए गुरुवार को कहा कि बैलेट पेपर से चुनाव कराने की मांग करने वाली कांग्रेस को जनता ने आईना दिखा दिया है। श्री प्रसाद ने आज बयान जारी कर कहा कि देशभर में हुए विधान परिषद की 28 सीटों पर बैलेट पेपर के जरिए मतदान करने वाली जनता ने कांग्रेस को नकार दिया।उन्होंने कांग्रेस को नसीहत देते हुए कहा कि उसे अपनी चुनावी रणनीतियों पर गहन आत्ममंथन करना चाहिए।

श्री प्रसाद ने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि देशभर में विधान परिषद की 28 सीटों पर हुए चुनाव में कांग्रेस महज एक सीट जीत पायी,जबकि उसके द्वारा शासित कर्नाटक में पार्टी का सूपड़ा साफ हो गया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस उत्तरप्रदेश में एक भी सीट पर चुनाव नहीं जीत पायी,जबकि बिहार में पिछले चुनाव में एक सीट पर जीती कांग्रेस को इस बार के चुनाव में करारा झटका लगा और वह अपनी पिछली जीती एक सीट भी गंवा बैठी।

श्री प्रसाद ने कहा कि बेवजह ईवीएम को मुद्दा बनाने वाली और पूरे देश में बैलेट पेपर से चुनाव की मांग करने वाली कांग्रेस पार्टी बैलेट पेपर की मदद से हुए चुनाव में भी बुरी तरह हार गई। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को अपनी रणनीतियों पर आत्ममंथन करने की जरुरत है, नहीं तो आने वाले दिनों में वह लुप्तप्राय पार्टी हो जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित