पौड़ी , अक्टूबर 23 -- उत्तराखंड के पौड़ी में बैराज-चीला-हरिद्वार मार्ग पर बीन नदी में करीब 23 करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन पुल का 50 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है।
जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने गुरुवार को निर्माण स्थल का निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता निर्भय सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि बीन नदी पर बन रहा यह पुल ऋषिकेश और हरिद्वार के बीच वैकल्पिक मार्ग को सुगम बनाने के साथ यमकेश्वर क्षेत्र के डांडामंडल क्षेत्र के 82 गांवों के लिए बारहमासी संपर्क का मजबूत माध्यम बनेगा। बरसात के दौरान नदी का जलस्तर बढ़ने से ग्रामीणों को होने वाली परेशानियों से राहत मिलने की उम्मीद है।
उन्होंने बताया कि पुल बनने से ग्रामीणों को स्वास्थ्य सेवाओं, शिक्षा, रोजगार और अन्य दैनिक जरूरतों के लिए आवाजाही में सुविधा मिलेगी। साथ ही, लंबा वैकल्पिक रास्ता तय करने की मजबूरी कम होने से समय और दूरी की बचत होगी।
श्री निर्भय सिंह के अनुसार केंद्रीय सड़क निधि (सीआरएफ) के अंतर्गत अप्रैल 2026 में शुरू हुई इस परियोजना में बीन नदी पर 150 मीटर लंबा डबल लेन पुल बनाया जा रहा है। पुल में 50-50 मीटर के तीन स्पान होंगे। इसका कैरिजवे 7.5 मीटर चौड़ा और फुटपाथ सहित कुल चौड़ाई 12 मीटर होगी। परियोजना को फरवरी 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके निर्माण से क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों और स्थानीय आर्थिक विकास को भी गति मिलने की उम्मीद है।
जिलाधिकारी ने नीलकंठ मंदिर के समीप निर्माणाधीन बहुमंजिला पार्किंग का भी निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्य समय पर पूरा करने के साथ श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुविधा, सुगम आवागमन तथा सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। क्षेत्र में बढ़ती आवाजाही को देखते हुए पार्किंग व्यवस्था को व्यवस्थित बनाने पर भी जोर दिया।
इसके अलावा जिलाधिकारी ने राजाजी टाइगर रिजर्व प्रशासन से रात्रिकालीन आवाजाही, वन्यजीवों की सुरक्षा और जंगल सफारी संचालन की जानकारी ली। लक्ष्मणझूला थाना पुलिस से रात्रिकालीन गश्त की स्थिति की समीक्षा करते हुए उन्होंने पुलिस और वन विभाग के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने वन क्षेत्र से लगे गांवों में स्थानीय लोगों को होने वाली समस्याओं की जानकारी लेकर आवश्यक व्यवस्थाओं पर भी चर्चा की।
निरीक्षण के दौरान लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता साहब सिंह सैनी, अपर सहायक अभियंता शशि प्रकाश सहित पुलिस और वन विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित