जयपुर , जून 05 -- राजस्थान के उपमुख्यमंत्री डॉ प्रेमचंद बैरवा ने राज्य उद्योग व्यापार महासंघ और टीपीएन सोल्यूशंस की ओर से जयपुर में आयोजित तीन दिवसीय इंडिया फूड बिजनेस एक्सपो-2026 का शुक्रवार को उद्घाटन किया।
इस अवसर पर डॉ बैरवा ने अपने संबोधन में कहा कि राजस्थान में खाद्य प्रसंस्करण और कृषि आधारित उद्योगों में निवेश की अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से विभिन्न योजनाओं के माध्यम से प्रदेश में फूड इंडस्ट्री और कृषि उत्पादों के संवर्धन, स्थानीय उद्योगों के प्रोत्साहन और रोजगार सृजन के प्रयास किए जा रहे हैं। समारोह में जयपुर सांसद मंजू शर्मा, पूर्व मंत्री कालीचरण सराफ और विधायक बालमुकुंदाचार्य ने एक्सपो का अवलोकन कर एग्जीबिटर्स, विजिटर्स और आयोजकों का उत्साहवर्धन किया। उद्घाटन समारोह में राजस्थान चैंबर के अध्यक्ष डॉ केएल जैन, फोर्टी के अध्यक्ष सुरेश अग्रवाल, एमएसएमई के डिप्टी डायरेक्टर मधुकर शर्मा, कैट के प्रदेश महासचिव हेमंत प्रभाकर, किराना किंग के एमडी अनूप खंडेलवाल ने भी भाग लिया।
राजस्थान उद्योग व्यापार मंडल के चेयरमैन डॉ अरुण अग्रवाल ने बताया कि इस तीन दिवसीय एक्सपो का उद्देश्य प्रदेश की फूड इंडस्ट्री से जुड़े उद्योगपतियों, डीलर, डिस्ट्रीब्यूटर काे एक मंच पर लाकर प्रदेश के खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र में ज्यादा से ज्यादा व्यवसाय और रोजगार के अवसरों का सृजन करना है।
एक्सपो के आयोजक टीपीएन सोल्यूशंस के डायरेक्टर जितेंद्र गोयल का ने कहा कि राजस्थान में पहली बार स्थानीय लोगों ने फूड एक्सपो का आयोजन किया है जिसमें पहले ही तीन हजार लोग पहुंचे है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित