बैतूल , अगस्त 25 -- मध्यप्रदेश के बैतूल रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-2 पर यात्रियों के बैठने के चबूतरे पर शराब की बोतल मिलने के बाद स्टेशन की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। सोशल मीडिया पर सामने आई तस्वीर के बाद यात्रियों और स्थानीय लोगों में इस मामले को लेकर चर्चा शुरू हो गई है।

फेसबुक पर राकेश गुप्ता नामक यूजर द्वारा साझा की गई तस्वीर में प्लेटफॉर्म पर बने चबूतरे पर शराब की बोतल रखी दिखाई दे रही है। पोस्ट में बैतूल स्टेशन के अमृत भारत योजना के तहत विकसित होने को लेकर व्यंग्य भी किया गया है। आशंका जताई जा रही है कि किसी व्यक्ति या समूह ने प्लेटफॉर्म पर शराब का सेवन करने के बाद बोतल वहीं छोड़ दी।

रेलवे स्टेशन परिसर की सुरक्षा और संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी की जिम्मेदारी जीआरपी और आरपीएफ की रहती है। प्लेटफॉर्म पर शराब की बोतल मिलने की घटना ने सुरक्षा एजेंसियों की नियमित गश्त और निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

यात्रियों का कहना है कि स्टेशन पर दिनभर महिलाओं, बच्चों और अन्य यात्रियों की आवाजाही रहती है। ऐसे में नशे में किसी व्यक्ति द्वारा अभद्रता या अन्य अप्रिय घटना की आशंका बनी रहती है। लोगों ने स्टेशन प्रबंधन, जीआरपी और आरपीएफ से प्लेटफॉर्म पर निगरानी बढ़ाने तथा ऐसी गतिविधियों पर सख्ती से रोक लगाने की मांग की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित