बैतूल , अप्रैल 7 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में 9 से 12 अप्रैल तक विश्व जागृति मिशन द्वारा पुलिस ग्राउंड में विराट भक्ति सत्संग का आयोजन किया जाएगा। इस चार दिवसीय कार्यक्रम में प्रख्यात आध्यात्मिक गुरु सुधांशु जी महाराज के सान्निध्य में हजारों श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।

आयोजन समिति के अनुसार यह कार्यक्रम सनातन संस्कृति जागरण अभियान के अंतर्गत आयोजित किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य समाज में नैतिक मूल्यों, आध्यात्मिक जागरूकता और संस्कारों को बढ़ावा देना है। मध्यप्रदेश सहित महाराष्ट्र से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है।

समिति संयोजक डॉ. विनय सिंह चौहान ने बताया कि श्रद्धालुओं के लिए ठहरने और भोजन की समुचित व्यवस्था की गई है। कार्यक्रम स्थल पर पंडाल, बैठने, पेयजल, छाया और पार्किंग जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी तथा सुरक्षा के भी विशेष इंतजाम किए गए हैं।

भीषण गर्मी को देखते हुए आयोजन स्थल पर ठंडे पानी, प्राथमिक चिकित्सा और आरामदायक व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। सत्संग का शुभारंभ 9 अप्रैल को शाम 4 बजे होगा। 10 से 12 अप्रैल तक प्रतिदिन सुबह 9 से 11:30 बजे तथा शाम 4:30 से 7 बजे तक प्रवचन होंगे, जबकि 12 अप्रैल को दोपहर 12 बजे मंत्र दीक्षा का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

वही 10 अप्रैल को युवाओं के लिए विशेष सत्र भी आयोजित किया जाएगा, जिसमें विद्यार्थियों को जीवन मूल्यों, नैतिकता और सकारात्मक सोच पर मार्गदर्शन दिया जाएगा। आयोजन के माध्यम से मिशन ने गुरुकुल और संस्कार केंद्र स्थापित करने का लक्ष्य भी रखा है। कार्यक्रम के दौरान जिले में भक्ति और आध्यात्मिक वातावरण बनने की संभावना है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित