बैतूल , सितंबर 07 -- मध्यप्रदेश के बैतूल शहर में अभिनंदन सरोवर के पीछे करीब 8.50 करोड़ रुपये की लागत से मल्टीफ्लोर कॉम्पलेक्स बनाने की तैयारी है। इसमें अलग-अलग आकार की 211 दुकानें प्रस्तावित हैं। परियोजना को शासन की मंजूरी मिल चुकी है और निविदा प्रक्रिया भी पूरी हो गई है। निविदा में प्राप्त दरों की स्वीकृति के लिए प्रस्ताव स्टेट लेवल टेक्नीकल कमेटी को भेजा गया है।
प्रस्तावित कॉम्पलेक्स लाल बहादुर शास्त्री स्टेडियम के सामने अभिनंदन सरोवर के पीछे खाली स्थान पर बनाया जाएगा। नगर पालिका द्वारा शहर में व्यावसायिक परिसरों के माध्यम से आय के स्रोत बढ़ाने की योजना के तहत यह परियोजना प्रस्तावित की गई है। गंज मंडी क्षेत्र में भी एक व्यावसायिक कॉम्पलेक्स का निर्माण चल रहा है।
नए कॉम्पलेक्स में 211 दुकानें अलग-अलग आकार की होंगी और बीच में खुला स्थान रखा जाएगा। इससे छोटे और बड़े कारोबार के लिए व्यवस्थित व्यावसायिक क्षेत्र उपलब्ध कराने की योजना है।
नगर पालिका के अनुसार वर्तमान में अभिनंदन सरोवर के पीछे स्थानांतरित की गई कुछ गुमठियों के संचालकों के व्यवस्थापन पर भी विचार किया जा सकता है। हालांकि इस संबंध में अंतिम निर्णय परियोजना की आगे की प्रक्रिया के बाद होगा।
नगर पालिका का मानना है कि कॉम्पलेक्स बनने से क्षेत्र में व्यावसायिक गतिविधियों को व्यवस्थित स्वरूप मिलने के साथ किराए के माध्यम से निकाय की आय बढ़ाने में भी मदद मिल सकती है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित