बैतूल , अक्टूबर 22 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत खरीफ सीजन में मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों से प्रभावित किसानों को राहत देने की प्रक्रिया जारी है। जिले में फसल क्षति सर्वे के लिए प्राप्त 26,965 आवेदनों में से अब तक 25,401 किसानों का सर्वे पूरा कर लिया गया है।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार, शेष 1,564 किसानों का सर्वे निर्धारित नियमों और दिशा-निर्देशों के तहत जल्द पूरा किया जाएगा। किसानों ने फसल नुकसान के सर्वे के लिए राष्ट्रीय टोल-फ्री नंबर 14447 पर आवेदन किए थे।
सर्वे के बाद फसल को वास्तविक नुकसान पाए जाने पर पात्र किसानों को नियमानुसार बीमा क्षतिपूर्ति दी जाएगी। यह राशि सीधे किसानों के बैंक खातों में प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से जमा की जाएगी। प्रशासन और कृषि विभाग द्वारा बीमा दावों के त्वरित निराकरण की प्रक्रिया जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित