बैतूल , मार्च 25 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में सड़क सुरक्षा नियमों के पालन को लेकर प्रशासन ने सख्ती दिखाते हुए बुधवार को विशेष अभियान चलाया, जिसमें बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने वाले 14 शासकीय कर्मचारियों पर चालानी कार्रवाई की गई।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक के संयुक्त निर्देश पर कलेक्टर कार्यालय और पुलिस अधीक्षक कार्यालय परिसर में अभियान चलाया गया। इस दौरान मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कुल 4200 रुपए जुर्माना वसूल किया गया।
अभियान अपर कलेक्टर तृप्ति पटेरिया और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमला जोशी की मौजूदगी में संचालित हुआ। इसमें थाना प्रभारी कोतवाली देवकरण डेहरिया, थाना प्रभारी गंज नीरज पाल, यातायात प्रभारी गजेन्द्र केन सहित संबंधित थाना स्टाफ शामिल रहा।
जांच के दौरान कलेक्टर कार्यालय के 8 कर्मचारी और पुलिस अधीक्षक कार्यालय के 6 कर्मचारी बिना हेलमेट वाहन चलाते पाए गए, जिन पर तत्काल जुर्माना लगाया गया। अधिकारियों ने बताया कि पूर्व में सभी शासकीय कर्मचारियों को हेलमेट पहनना अनिवार्य करने के निर्देश दिए गए थे, इसके बावजूद नियमों की अनदेखी करने पर यह कार्रवाई की गई।
प्रशासन के अनुसार अभियान का उद्देश्य सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना और शासकीय कर्मचारियों के माध्यम से आम नागरिकों को नियमों के पालन के लिए प्रेरित करना है। पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र जैन ने नागरिकों और शासकीय कर्मचारियों से यातायात नियमों का पालन करने की अपील करते हुए दोपहिया चालकों से हेलमेट तथा चारपहिया चालकों से सीट बेल्ट लगाने की अनिवार्यता दोहराई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित