बैतूल , मई 4 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में देर रात एक सड़क हादसे में बारात से लौट रहे दो युवकों को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी, जिससे एक युवक की मौत हो गई जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।

पुलिस सूत्रों के अनुसार यह हादसा तितली चौराहे पर रात करीब 8 से 8:30 बजे के बीच हुआ। दोनों युवक मालीपुरा (चिचोली) में एक विवाह समारोह से लौट रहे थे, तभी तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी।

घटना में घायल दोनों युवकों को राहगीरों की मदद से जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान विजय शंकर (28) निवासी चिखलार की मृत्यु हो गई। वह मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था।

दूसरे युवक हिमांशु कुमरे की हालत गंभीर होने पर उसे बेहतर उपचार के लिए भोपाल रेफर किया गया है।

पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है और अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित