बैतूल , अक्टूबर 17 -- मध्यप्रदेश के बैतूल में प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस, जयवंती हाक्सर शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में 'सेवा संकल्प अभियान' के तहत आयोजित सात दिवसीय शैक्षणिक गतिविधियां सफलतापूर्वक संपन्न हो गईं। 10 से 17 अक्टूबर तक चले इस अभियान का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में सामाजिक उत्तरदायित्व, रचनात्मकता, तकनीकी दक्षता और व्यावसायिक कौशल विकसित करना था।
गणित, अंग्रेजी और मनोविज्ञान विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस सात दिवसीय कार्यक्रम के दौरान हैकाथॉन, नवाचार, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) प्रशिक्षण, साक्षात्कार की तैयारी और बौद्धिक संपदा अधिकार (आईपीआर) जैसे समसामयिक विषयों पर विशेष सत्र आयोजित किए गए।
अभियान के पहले दिन डॉ. दिव्य प्रकाश ने 'डिजाइन थिंकिंग' विषय पर व्याख्यान देते हुए सामाजिक समस्याओं के व्यावहारिक समाधान खोजने पर जोर दिया। दूसरे दिन डॉ. सपना चंदेल और डॉ. जी.पी. साहू ने राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका पर विचार रखे। तीसरे दिन आयोजित पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता में शीतल यादव ने प्रथम, नेहा पंड्राम ने द्वितीय और सलोनी दुर्वे ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
चौथे और पांचवें दिन डॉ. शीतल खरे और डॉ. चन्द्रशेखर मेश्राम ने विद्यार्थियों को तकनीक, अनुसंधान और कृत्रिम बुद्धिमत्ता के प्रयोग का प्रशिक्षण दिया। छठे दिन प्रोफेसर शंकर सतानकर ने साक्षात्कार की तैयारी और प्रभावी संवाद कौशल की बारीकियां समझाईं। समापन दिवस पर डॉ. मनोज कुमार घोरसे ने बौद्धिक संपदा अधिकार के संरक्षण के महत्व पर प्रकाश डाला।
इस आयोजन से विद्यार्थियों को तकनीकी जागरूकता, रोजगारपरक कौशल और सामाजिक सरोकारों को गहराई से समझने का अवसर मिला।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित