बैतूल , अगस्त 16 -- मध्यप्रदेश के बैतूल में शहर की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए लोहा-सीमेंट व्यवसाय संगठन ने पुलिस को 56 हजार रुपये का चेक दिया है। इस राशि से शहर के महत्वपूर्ण और संवेदनशील स्थानों पर नए सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे।
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 15 अगस्त को संगठन के पदाधिकारी और सदस्य थाना कोतवाली पहुंचे तथा सीसीटीवी कैमरे लगाने के लिए 56 हजार रुपये का चेक थाना प्रभारी को सौंपा। पुलिस के अनुसार कैमरों के माध्यम से शहर के प्रमुख मार्गों, गलियों और अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर 24 घंटे निगरानी रखने में मदद मिलेगी।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सीसीटीवी निगरानी व्यवस्था मजबूत होने से चोरी, लूट सहित अन्य आपराधिक घटनाओं की रोकथाम में सहायता मिलेगी। अपराध होने की स्थिति में संदिग्धों की पहचान और उनकी गतिविधियों पर नजर रखने में भी कैमरे महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। इससे व्यापारियों और आम नागरिकों में सुरक्षा की भावना मजबूत होगी।
कोतवाली पुलिस ने संगठन की पहल की सराहना करते हुए पदाधिकारियों और सदस्यों का आभार जताया। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि अपराध नियंत्रण और शहर की सुरक्षा में पुलिस के साथ आमजन तथा व्यापारिक संगठनों की सहभागिता महत्वपूर्ण है।
अनुभागीय अधिकारी पुलिस अन्नपूर्णा सिरसाम ने इस पहल को पुलिस-जनता सहयोग का उत्कृष्ट उदाहरण बताते हुए अन्य व्यापारिक एवं सामाजिक संगठनों से भी सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने में सहयोग की अपील की। इस अवसर पर अमित उर्फ बोबी जैन, कन्नू माहेश्वरी, अतीत अग्रवाल, भूषण सैनानी, शब्बीर किरानावाला, आशीष अग्रवाल, मोहित बतरा, मनीष सरले, सन्नी सोनी और तरुण ठाकरे सहित कई व्यवसायी मौजूद रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित