बैतूल , जून 20 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में एक भीषण सड़क हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई है।
पुलिस के अनुसार हादसा शुक्रवार रात करीब नौ बजे टेमनी और नत्थूढाना गांव के बीच स्थित पुलिया पर हुआ। प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि तीनों युवक एक ही बाइक पर सवार होकर किसी शादी समारोह से अपने गांव नत्थूढाना लौट रहे थे। इसी दौरान बाइक चालक का वाहन से नियंत्रण हट गया और बाइक सीधे पुलिया की रेलिंग से जा भिड़ी।
हादसे में मृत युवकों की पहचान आलोक कवड़े (21), शिवम इवने और विकास (19) के रूप में हुई है। तीनों अंबाडा ग्राम पंचायत के नत्थूढाना गांव के निवासी थे और आपस में घनिष्ठ मित्र बताए जा रहे हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दुर्घटना के बाद जोरदार आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक तीनों युवकों की मौत हो चुकी थी। सूचना मिलने पर आठनेर थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू की।
शनिवार सुबह तीनों शवों का पोस्टमार्टम आठनेर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में कराया गया। इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए। हादसे की खबर फैलते ही नत्थूढाना, अंबाडा और आसपास के गांवों में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा।
आज शाम गांव में तीनों युवकों का अंतिम संस्कार किया गया। एक ही दिन में तीन युवाओं की अर्थियां उठने से पूरे गांव का माहौल गमगीन हो गया। अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए और नम आंखों से युवकों को अंतिम विदाई दी।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण बाइक का अनियंत्रित होना सामने आया है। हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जांच जारी है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि हादसे के समय बाइक की रफ्तार कितनी थी और दुर्घटना के पीछे कोई अन्य वजह तो नहीं थी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित