बैतूल , अगस्त 28 -- मध्यप्रदेश के बैतूल शहर में गंज थाना पुलिस ने हमलापुर चौक क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए सट्टा खिलाने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 10 हजार 60 रुपये नकद, सट्टा पर्चियां और पेन बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार 27 अगस्त को मुखबिर से सूचना मिली थी कि हमलापुर चौक स्थित एक पान ठेले के पास दो व्यक्ति अंकों पर रुपये-पैसों का दांव लगाकर सट्टा खिला रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश देकर दोनों को पकड़ लिया। पूछताछ और तलाशी में उनकी पहचान मुन्ना उर्फ मोहम्मद अब्बास (43), निवासी मुर्गी चौक और गणेश मोहबे (48), निवासी मलकापुर के रूप में हुई।
पुलिस ने दोनों के पास से एक-एक अंक लिखी सट्टा पर्ची, एक-एक पेन और क्रमश: आठ हजार 720 रुपये तथा एक हजार 340 रुपये नकद बरामद किए। दोनों के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमलेश खरपुसे और एसडीओपी अन्नपूर्णा सिरसाम के मार्गदर्शन में की गई। कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक नीरज पाल सहित पुलिसकर्मी शामिल रहे।
बैतूल शहर में सट्टे के कथित कारोबार को लेकर लंबे समय से तरह-तरह की चर्चाएं सामने आती रही हैं। स्थानीय स्तर पर दावा किया जा रहा है कि शहर में 100 से अधिक स्थानों पर सट्टे की पर्चियां काटी जाती हैं और करीब एक दर्जन बड़े सट्टा संचालक सक्रिय हैं। हालांकि इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
पुलिस की इस कार्रवाई के बाद शहर में चर्चा है कि यदि बड़े स्तर पर सट्टे के कारोबार की शिकायतें हैं तो कार्रवाई का दायरा केवल छोटे स्तर पर कथित रूप से सट्टा खिलाने वालों तक सीमित क्यों है। पुलिस ने कहा है कि अवैध जुआ-सट्टे के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित