बैतूल , अप्रैल 6 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में नए वित्तीय वर्ष की शुरुआत के साथ ही शराब दुकानों पर अधिकतम खुदरा मूल्य (एमआरपी) से अधिक दरों पर बिक्री के आरोप सामने आए हैं। विशेष रूप से शाहपुर समूह की पीसाझोड़ी शराब दुकान को लेकर उपभोक्ताओं में नाराजगी देखी जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जिले में नए ठेके आवंटन के बाद कीमतों में राहत की उम्मीद जताई जा रही थी, लेकिन उपभोक्ताओं का आरोप है कि दुकानों पर मनमाने दाम वसूले जा रहे हैं। एक उपभोक्ता के अनुसार 199 रुपये एमआरपी वाली बीयर 260 रुपये में बेची गई, जबकि अन्य ब्रांड की बीयर भी निर्धारित कीमत से अधिक पर उपलब्ध कराई जा रही है।
ग्राहकों द्वारा आपत्ति जताने पर दुकान कर्मचारियों ने इसे पुराना स्टॉक बताते हुए अधिक कीमत वसूलने की बात कही, जबकि बोतलों पर अंकित पैकिंग तिथि हालिया बताई जा रही है, जिससे संदेह की स्थिति बन रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पीसाझोड़ी क्षेत्र में वैकल्पिक दुकान नहीं होने के कारण उपभोक्ताओं को मजबूरी में अधिक कीमत चुकानी पड़ रही है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में असंतोष बढ़ रहा है।
जिला आबकारी विभाग के अधिकारी ने बताया कि बीयर की कुछ कमी अवश्य है, लेकिन एमआरपी से अधिक दर पर बिक्री पूरी तरह प्रतिबंधित है। उन्होंने मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है। उपभोक्ताओं ने चेतावनी दी है कि यदि स्थिति में सुधार नहीं हुआ तो विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित