बैतूल , अक्टूबर 16 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे ने शुक्रवार को आदिवासी बहुल भीमपुर विकासखंड के माकड़ा, डोरी, खामापुर और गुरुवा पिपरिया गांवों का औचक निरीक्षण किया। स्कूलों, आंगनवाड़ी केंद्रों और विकास कार्यों की समीक्षा के दौरान लापरवाही मिलने पर उन्होंने निर्माण एजेंसी को ब्लैकलिस्ट करने, जिम्मेदार अधिकारियों पर निलंबन की कार्रवाई प्रस्तावित करने और प्राचार्य को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
ग्राम पंचायत गुरुवा में ग्रामीणों से संवाद के दौरान मालेगांव मार्ग की मांग पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए। पुलिया निर्माण से किसान के खेत को हुए नुकसान की भरपाई जनपद पंचायत के इंजीनियर से कराने को कहा गया। ग्राम टेरम में नल-जल योजना शुरू नहीं होने पर कलेक्टर ने सात दिन में काम शुरू करने का निर्देश दिया और ऐसा नहीं होने पर ठेकेदार को ब्लैकलिस्ट करने की चेतावनी दी। वन अधिकार दावों के निराकरण में लापरवाही पर गुरुवा के सचिव की दो वेतनवृद्धियां रोकने के निर्देश भी दिए गए।
सांदीपनि स्कूल, गुरुवा पिपरिया में सीपेज और जल निकासी की गंभीर समस्या तथा निर्माण कार्य समय पर पूरा नहीं होने पर कलेक्टर ने संबंधित एजेंसी को ब्लैकलिस्ट करने और जिम्मेदार इंजीनियर, एसडीओ सहित अन्य अधिकारियों के निलंबन की कार्रवाई प्रस्तावित करने के निर्देश दिए।
नवीन माध्यमिक शाला डोरी में पेयजल की अपर्याप्त व्यवस्था और विद्यार्थियों की संख्या के अनुपात में कम मध्यान्ह भोजन मिलने पर प्राचार्य को कारण बताओ नोटिस जारी करने को कहा गया। कलेक्टर ने शौचालयों को चालू रखने और स्कूल परिसर में बाउंड्रीवॉल बनवाने के निर्देश दिए। उन्होंने विद्यार्थियों से बातचीत कर पढ़ाई की गुणवत्ता भी परखी।
खामापुर प्राथमिक शाला और आंगनवाड़ी केंद्र के निरीक्षण में प्रयोगशाला सह पाठशाला बंद मिलने पर उसे तत्काल चालू करने के निर्देश दिए गए। आंगनवाड़ी की व्यवस्थाएं बेहतर मिलने पर कर्मचारियों की सराहना की गई। ग्रामीणों के साथ बैठक में पेयजल, स्वास्थ्य सेवाओं और सामुदायिक वन अधिकारों की समीक्षा की गई। ग्रामीणों की नए आंगनवाड़ी भवन की मांग पर कलेक्टर ने उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। उन्होंने अधिकारियों को शासकीय योजनाओं का लाभ पारदर्शिता से लोगों तक पहुंचाने और शिकायतों का समय-सीमा में निराकरण करने की हिदायत दी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित