बैतूल , जुलाई 12 -- मध्यप्रदेश में बैतूल शहर के गंज थाना क्षेत्र में 34 वर्षीय एक युवक का शव घर में फाँसी फंदे से लटका मिला। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान सूरज विश्वकर्मा (34) के रूप में हुई है। शनिवार शाम वह घर पहुंचने के बाद अपने कमरे में चला गया। काफी देर तक बाहर नहीं आने पर परिजनों ने कमरे का दरवाजा खोला, जहां वह फाँसी फंदे से लटका मिला। परिजन उसे तत्काल जिला अस्पताल ले गए, लेकिन चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद मृत घोषित कर दिया।

रविवार को गंज थाना पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। मामले की जांच कर रहे अधिकारी ने बताया कि मृत्यु के कारणों का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं की जांच की जा रही है तथा परिजनों एवं परिचितों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। पुलिस के अनुसार घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित