बैतूल , जुलाई 29 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले की कोतवाली पुलिस ने कृषि उपयोग के मोटर पंप चोरी के मामले का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है तथा तीन विधि-विरुद्ध बालकों (अपचारी बालकों) को अभिरक्षा में लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी गया पांच हॉर्स पावर का मोटर पंप और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन के निर्देशन में संपत्ति संबंधी अपराधों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत एसडीओपी अन्नपूर्णा सिरसाम के मार्गदर्शन में कोतवाली पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार ग्राम डहरगांव निवासी रामचन्द्र धोटे ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 22 जुलाई की रात उनके खेत स्थित कुएं से टेक्समो कंपनी का पांच हॉर्स पावर का मोटर पंप अज्ञात बदमाश चोरी कर ले गए। शिकायत पर थाना कोतवाली में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 305(बी) के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने आसपास के किसानों से पूछताछ की और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। इसी दौरान सूचना मिली कि दो युवक चोरी का मोटर पंप बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं। पुलिस ने संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उन्होंने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर चोरी करना स्वीकार कर लिया।
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी गया मोटर पंप तथा वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद कर ली। मामले में झल्लार थाना क्षेत्र के ग्राम चांदू निवासी 22 वर्षीय शुभम पिता दद्दूसिंह वारस्कर को गिरफ्तार किया गया, जबकि उसके साथ शामिल तीन अपचारी बालकों को अभिरक्षा में लिया गया। सभी को मंगलवार को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक देवकरण डेहरिया, उपनिरीक्षक राकेश कुमार सरयाम, सहायक उपनिरीक्षक प्रवीण पचौरी, प्रधान आरक्षक अजय भलावी एवं नानकराम तथा आरक्षक रोहित नवरेती और ओमकार की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक ने किसानों से खेतों, कुओं और कृषि उपकरणों की सुरक्षा के प्रति सतर्क रहने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल निकटतम थाना अथवा डायल-112 पर देने की अपील की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित