बैतूल , जुलाई 3 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो गया है। जिले में अब तक 209.3 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई है, जो पिछले वर्ष की समान अवधि में हुई 187.9 मिलीमीटर वर्षा से 21.4 मिलीमीटर अधिक है।

भू-अभिलेख कार्यालय की दैनिक वर्षा रिपोर्ट के अनुसार पिछले 24 घंटे में जिले में औसतन 23.7 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। इस मानसून सत्र में चिचोली में सर्वाधिक 353.3 मिलीमीटर तथा घोड़ाडोंगरी में 280 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई है। इसके अलावा मुलताई में 225.8 मिलीमीटर, प्रभातपट्टन में 223.2 मिलीमीटर, भैंसदेही में 203 मिलीमीटर, शाहपुर में 188.6 मिलीमीटर, आमला में 182 मिलीमीटर, आठनेर में 159.5 मिलीमीटर तथा भीमपुर में 151 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई है।

गुरुवार सुबह आठ बजे से शुक्रवार सुबह आठ बजे तक घोड़ाडोंगरी में सर्वाधिक 72 मिलीमीटर वर्षा हुई। इसी अवधि में आमला में 38 मिलीमीटर, भैंसदेही में 33 मिलीमीटर, प्रभातपट्टन में 27.4 मिलीमीटर, शाहपुर में 18 मिलीमीटर, बैतूल में 16.4 मिलीमीटर, मुलताई में 15 मिलीमीटर, आठनेर में 9.2 मिलीमीटर तथा चिचोली में आठ मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। भीमपुर में इस दौरान वर्षा नहीं हुई।

लगातार वर्षा से जिले के जलस्रोतों में पानी की आवक बढ़ी है और खरीफ फसलों के लिए अनुकूल परिस्थितियां बनी हैं। मौसम विभाग ने शुक्रवार को भी जिले के विभिन्न क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ मध्यम से तेज वर्षा की संभावना व्यक्त की है। विभाग के अनुसार अगले दो से तीन दिनों तक जिले में वर्षा का क्रम जारी रह सकता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित