बैतूल , अगस्त 01 -- विश्व मानव दुर्व्यापार विरोधी दिवस के अवसर पर शुरू किए गए राष्ट्रीय अभियान के तहत मध्य प्रदेश के बैतूल में बाल सुरक्षा और बाल तस्करी की रोकथाम के लिए गैरसरकारी संस्था प्रदीपन ने व्यापक अभियान चलाने की घोषणा की है। संस्था सरकार, प्रशासन और आम नागरिकों के सहयोग से बाल तस्करी पर प्रभावी रोकथाम के लिए जनजागरूकता अभियान चलाएगी, संदिग्ध ट्रैफिकरों की पहचान कर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करेगी तथा आर्थिक रूप से कमजोर और हाशिये पर रहने वाले परिवारों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने का प्रयास करेगी।

संस्था की सचिव रेखा गुजरे ने बताया कि नई दिल्ली के कांस्टीट्यूशन क्लब में आयोजित चार दिवसीय राष्ट्रीय परामर्श के दौरान 'नेशनल कैंपेन अगेंस्ट चाइल्ड ट्रैफिकिंग' की शुरुआत की गई। जस्ट राइट्स फॉर चिल्ड्रेन (जेआरसी) नेटवर्क से जुड़े देशभर के 782 जिलों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में वर्ष 2030 तक इस अभियान को संचालित करने का निर्णय लिया गया। प्रदीपन संस्था बैतूल जिले में इस अभियान का संचालन करेगी।

कार्यक्रम के उद्घाटन सत्र में केंद्रीय महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर ने कहा कि किसी भी बच्चे का जीवन बचाना सबसे बड़ा मानवीय कार्य है। उन्होंने बाल तस्करी और शोषण से बच्चों को मुक्त कराने वाले सामाजिक संगठनों की भूमिका की सराहना की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित