बैतूल , नवंबर 07 -- मध्य प्रदेश के बैतूल जिले में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। सर्दियों की आहट के साथ रात के तापमान में गिरावट दर्ज की गयी है। रात और सुबह के समय गुलाबी ठंड का अहसास होने लगा है, जबकि दिन में तेज धूप के कारण गर्मी बनी हुई है।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, आने वाले दिनों में ठंड का असर और बढ़ने का अनुमान है। शुक्रवार रात बैतूल के न्यूनतम तापमान में तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। एक दिन पहले न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस था, जो कल रात गिरकर 15 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। तापमान में अचानक आई गिरावट के कारण देर रात और सुबह के समय ठंड बढ़ गई है। लोगों को अब गर्म कपड़ों की जरूरत महसूस होने लगी है।

दूसरी ओर, दिन के तापमान में अभी कोई खास गिरावट नहीं आई है। मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, बैतूल में अधिकतम तापमान 28.9 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है। दिन में तेज धूप निकलने के कारण गर्मी का असर बरकरार है। ऐसे में लोगों को दिन और रात के मौसम में अंतर महसूस हो रहा है।

मौसम विज्ञानियों का अनुमान है कि आने वाले दिनों में रात के तापमान में और गिरावट दर्ज की जा सकती है। मौसम के मौजूदा रुख को देखते हुए 10 से 12 नवंबर के बीच न्यूनतम तापमान गिरकर 12 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। इससे सुबह और देर रात के समय ठंड का असर बढ़ सकता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित