बैतूल , अक्टूबर 17 -- मध्यप्रदेश के बैतूल को प्लास्टिक मुक्त और कैंसर मुक्त बनाने के संकल्प के साथ चलाए जा रहे '75 कदम अभियान' के 16वें दिन एक अनूठी तस्वीर देखने को मिली। मध्यप्रदेश शासन और क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों की सहभागिता के बीच, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं बैतूल विधायक हेमंत खंडेलवाल अचानक इस स्वच्छता अभियान में शामिल हो गए। उन्होंने स्कूली विद्यार्थियों और अभियान से जुड़े सदस्यों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर सड़कों पर श्रमदान किया।
अचानक विधायक और प्रदेश अध्यक्ष को अपने बीच पाकर मौके पर मौजूद विद्यार्थी और 'धरती सेवक' अचंभित रह गए। खंडेलवाल ने सभी के साथ मिलकर सार्वजनिक स्थानों से पॉलीथिन और प्लास्टिक कचरा चुना तथा उसे बोरियों में भरा। इस दौरान वृंदा सोशल फाउंडेशन, लिटिल फ्लावर स्कूल के शिक्षक, विद्यार्थी और स्थानीय नागरिक बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
अभियान के दौरान करीब 316 किलो प्लास्टिक सामग्री और पॉलीथिन एकत्र की गई। इस कचरे को विधिवत रूप से नगर पालिका को सौंप दिया गया। इस अवसर पर अभियान के सदस्यों ने सार्वजनिक स्थानों पर पॉलीथिन फेंकने वाले लापरवाह दुकानदारों और अन्य लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। साथ ही, फल-सब्जी विक्रेताओं व नागरिकों से अपील की गई कि वे पॉलीथिन का उपयोग न्यूनतम करें और इसका खुले में निपटान न करें।
हेमंत खंडेलवाल ने श्रमदान के बाद सभी सदस्यों और विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने आह्वान किया कि बैतूल को सुंदर, स्वच्छ और स्वस्थ बनाने में हर नागरिक अपनी सहभागिता निभाए। उन्होंने इस अभियान को निरंतर जारी रखने की अपील की ताकि शहर को पूरी तरह प्लास्टिक मुक्त बनाया जा सके।
आयोजकों ने जानकारी दी है कि '75 कदम मिशन' के तहत आगामी रविवार, 18 अक्टूबर को सुबह 8:00 से 9:00 बजे तक महाकाल मंदिर चौक (थाना रूट के सामने से कमानी गेट तक) एक बार फिर स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। इसमें शहर के तमाम नागरिकों से बढ़-चढ़कर श्रमदान करने की अपील की गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित