बैतूल , अप्रैल 11 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में एक प्रेम संबंध ने दुखद अंत ले लिया, जहां 25 वर्षीय युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही उसकी महिला मित्र ने भी जहरीला पदार्थ सेवन कर लिया, जिसके बाद उसे गंभीर हालत में जिला अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया है।

पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान महावीर वार्ड निवासी शिवांश सोनी के रूप में हुई है। वह रायपुर स्थित इंडियन कॉफी हाउस में मैनेजर के पद पर कार्यरत था और हाल ही में अपने घर बैतूल आया था। शुक्रवार शाम उसने अपने घर की छत पर बने कमरे में फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। शिवांश अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था, जिससे परिवार में शोक का माहौल है।

कोतवाली थाना प्रभारी देवकरण डहरिया ने बताया कि युवक और युवती के बीच प्रेम संबंध था और दोनों विवाह करना चाहते थे। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि पारिवारिक असहमति के कारण युवक ने यह कदम उठाया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित