बैतूल , अप्रैल 24 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में गुमशुदा बच्चों की शीघ्र तलाश के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कोतवाली पुलिस ने उल्लेखनीय सफलता हासिल करते हुए एक अपहृत बालिका को महज 12 घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर लिया। इस मामले में पुलिस ने एक आरोपी को भी गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमला जोशी और एसडीओपी सुनील लाटा के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। गुरुवार को बालिका के परिजनों ने थाना कोतवाली में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी, जिसके बाद अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीम गठित की गई, जिसने लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दी और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर तेजी से कार्रवाई करते हुए बालिका को सुरक्षित बरामद कर लिया। पुलिस ने बालिका को बहला-फुसलाकर ले जाने वाले आरोपी रितेश धुर्वे (20) को शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया, जिसे न्यायालय में पेश किया गया।
इस कार्रवाई में उप निरीक्षक राकेश सरयाम सहित पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही। पुलिस ने आमजन से सतर्क रहने और संदिग्ध गतिविधियों की तुरंत सूचना देने की अपील की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित