बैतूल , सितंबर 05 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में किसानों के खेतों, कुओं और ट्यूबवेल से तांबे की केबल चोरी करने वाले गिरोह के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने तीन फरार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब नौ किलोग्राम कॉपर वायर बरामद किया है, जिसकी अनुमानित कीमत 5,400 रुपये बताई गयी है।

पुलिस के अनुसार ग्राम सावंगी निवासी प्रहलाद लोखण्डे ने अपने तथा आसपास के किसानों नितेश सूर्यवंशी, दिवाकर देशमुख, अनुराग सूर्यवंशी, ओमप्रकाश पाल, नामदेव, नारायण बारस्कर और हेमराज सोनारे के कुओं एवं ट्यूबवेल से तांबे की केबल चोरी होने की शिकायत मुलताई थाने में दर्ज कराई थी। शिकायत पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 699/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस ने पहले नौ आरोपियों को गिरफ्तार किया था। इनमें वासुदेव आहाके, बिसराम कवडे और फैजान से पूछताछ में वारदात में शामिल तीन अन्य फरार आरोपियों की जानकारी सामने आयी। इसके बाद पुलिस टीम ने ग्राम माजरी में घेराबंदी कर मुन्ना धुर्वे (50), आकाश उर्फ सोहन धुर्वे (18 वर्ष 5 माह) और अनिल कुमरे (32) को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ के बाद आरोपियों के कब्जे से 9 किलोग्राम कॉपर वायर बरामद किया गया। तीनों आरोपियों को 3 सितंबर को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।

कार्रवाई पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन के निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमलेश खरपूसे और एसडीओपी मुलताई एसके सिंह के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक विकास पटेल के नेतृत्व में की गयी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित