बैतूल , अप्रैल 2 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में नाबालिग किशोरी के अपहरण कर उसे डेढ़ लाख रुपये में बेचने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए किशोरी को सुरक्षित बरामद कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक आरोपी अभी फरार है।

पुलिस के जनसंपर्क अधिकारी के अनुसार थाना मोहदा में दर्ज प्रकरण में भारतीय न्याय संहिता और पॉक्सो अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच की गई। पिपरिया निवासी फरियादी ने 6 नवंबर 2025 को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी 17 वर्षीय पुत्री 4 नवंबर की शाम घर से लापता हो गई थी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की गई। तकनीकी साक्ष्यों और साइबर सेल की मदद से जांच के दौरान पता चला कि मुख्य आरोपी सागर दशपुरे किशोरी को बहला-फुसलाकर महाराष्ट्र ले गया था। पुलिस ने 19 मार्च को किशोरी को सकुशल बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया, जिसे बाद में न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।

आगे की जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी ने किशोरी को डेढ़ लाख रुपये में अन्य आरोपियों को बेच दिया था। इस मामले में सहयोग करने वाले दो अन्य आरोपियों को एक अप्रैल को गिरफ्तार किया गया।पुलिस के अनुसार प्रकरण में एक अन्य आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है और जल्द गिरफ्तारी की संभावना है। मामले में आगे की जांच जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित