बैतूल , अप्रैल 26 -- मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल बैतूल जिले में नाबालिग बालिकाओं के अपहरण और दुराचार के दो अलग-अलग मामलों में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों पीड़िताओं को सकुशल बरामद कर न्यायालय में पेशी के बाद आरोपियों को जेल भेज दिया गया।

पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन के निर्देश पर गंभीर अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमला जोशी एवं एसडीओपी राजेश कुमार तिवारी के मार्गदर्शन में थाना शाहपुर पुलिस ने कार्रवाई की।

पहले मामले में 21 अप्रैल को दर्ज शिकायत के आधार पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई। तकनीकी साक्ष्यों और मोबाइल लोकेशन के आधार पर ग्राम जालीखेड़ा, थाना केसला से आरोपी सतीश चौहान (20) को गिरफ्तार कर नाबालिग को मुक्त कराया गया। पूछताछ में आरोपी ने दुराचार की बात स्वीकार की।

दूसरे मामले में अपहरण की रिपोर्ट दर्ज होने पर पुलिस ने संदेही अवतार सिंह धुर्वे (20) निवासी ग्राम पाठई की तलाश शुरू की। पुलिस टीम मोबाइल लोकेशन के आधार पर पुणे पहुंची, जहां से नाबालिग को सुरक्षित बरामद किया गया। आरोपी ने पूछताछ में दुराचार और बालिका को पुणे ले जाने की बात स्वीकार की।

पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया, जबकि पीड़िताओं को परिजनों के सुपुर्द किया गया। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी अरविन्द कुमरे के नेतृत्व में पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने नागरिकों से नाबालिगों की सुरक्षा के प्रति सतर्क रहने और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल देने की अपील की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित